प्रयागराज: इलाहाबाद विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ (AUCTA) के चुनाव में सीएमपी पीजी कॉलेज के डॉ. एसपी सिंह 224 मत पाकर लगातार दूसरी बार अध्यक्ष चुने गए। जबकि, उनके प्रतिद्वंद्वी डॉ. केएन सिंह को महज 188 मतों पर ही संतोष करना पड़ा। चौधरी महादेव प्रसाद पीजी कॉलेज (CMP) के वाणिज्य विभाग में चुनाव अधिकारी डॉ. सत्येंद्र नाथ की निगरानी में चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई।
महिला उपाध्यक्ष पद पर डॉ. अर्चना त्रिपाठी और पुरुष उपाध्यक्ष पद पर डॉ. संघसेन सिंह निर्वाचित हुए। खास बात यह है कि दोनों शिक्षक सीएमपी के हैं और दोनों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। इसके अलावा महासचिव पद पर भी सीएमपी का कब्जा रहा। अमित सिंह ने कुल 212 वोट पाकर डॉ. वीरेंद्र सिंह को परास्त किया। डॉ. वीरेंद्र को 199 वोट मिले हैं।
आर्य कन्या पीजी कॉलेज के डॉ. अमित पांडेय को ऑक्टा कार्यकारिणी का संयुक्त सचिव चुना गया है। उन्हें 170 मत हासिल हुए। जबकि, इसी पद के दावेदार रहे डॉ. रफीक अहमद को 109 और डॉ. रचना श्रीवास्तव को 133 वोट पर ही संतोष करना पड़ा। वहीं, डॉ. वेद प्रकाश मिश्र को कोषाध्यक्ष चुना गया है। ईश्वर शरण पीजी कॉलेज के डॉ. वेद प्रकाश को 206 मत मिले हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी डॉ. अवधेश कुमार को 137 और डॉ. आलोक सिंह को 70 वोट हासिल हुए हैं।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को जीत के फौरन बाद शपथ भी ग्रहण कराया गया। समारोह में चुनाव अधिकारी डॉ. सत्येंद्र नाथ के अलावा उप चुनाव अधिकारी डॉ. नीलमकांत और डॉ. प्रदीप सक्सेना भी उपस्थित रहे। इसके अलावा पर्यवेक्षक डॉ. यमुना प्रसाद पांडेय और डॉ. लिटिशिया हर्मिट भी चुनाव प्रक्रिया में शामिल रहे।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (AUTA) के अध्यक्ष और अखिल भारतीय केंद्रीय विश्वविद्यालय शिक्षक महासंघ (FEDCUTA) के उपाध्यक्ष प्रोफेसर रामसेवक दुबे ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं।