प्रयागराज: प्रो. राजेंद्र सिंह रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय, प्रयागराज की कुलपति प्रो संगीता श्रीवास्तव को इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पहली महिला कुलपति तथा तीसरी स्थाई कुलपति नियुक्त किया गया है। प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव के पति जस्टिस विक्रमनाथ गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश हैं।
प्रदेश के विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आंनदी बेन पटेल की तरफ से जारी आदेश पर उन्हेंं रविवार को रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति के पद कार्यमुक्त भी कर दिया गया। यहां का प्रभार उत्तर प्रदेश राजॢष टण्डन मुक्त विवि के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह को सौंपा गया है। दोनों कुलपति सोमवार को पदभार भी ग्रहण कर लेंगे। रविवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विजिटर, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव के नाम पर मुहर लगा दी है। पूरब के ऑकसफोर्ड इलाहाबाद विश्वविद्यालय रजिस्ट्रार ने रविवार रात प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव के कुलपति नियुक्त होने की पुष्टि की है।
बीते करीब 11 महीने से स्थाई कुलपति का इंतजार कर रहे इलाहाबाद विश्वविद्यालय का सूखा समाप्त हो गया। प्रोफेसर रतनलाल हांगलू ने बीते 31 दिसंबर को अपने पद से इस्तीफा देने के बाद कुलपति का पद खाली चल रहा था। कार्यवाहक कुलपति के रूप में आरआर तिवारी कामकाज देख रहे थे।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय को वर्ष 2005 में केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा मिला। तब से इलाहाबाद विश्वविद्यालय को तीन स्थायी कुलपति मिले। पहले कुलपति प्रो. राजन हर्षे फिर प्रो. एके सिंह और इसके बाद प्रो. रतन लाल हांगलू थे। अब प्रो. संगीता श्रीवास्तव को चौथा स्थायी कुलपति नियुक्त किया गया है।