लखनऊ: सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव जीतने पर इटावा में कंबोडिया के अंगकोरवाट की तरह विष्णु भगवान का भव्य मंदिर व उसके आसपास आवासीय बस्तियां बनवाने की घोषणा की है। इससे पहले अखिलेश इटावा में कृष्ण भगवान की 60 फीट ऊंची प्रतिमा लगवा चुके हैं। अखिलेश के इस बयान को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के राममंदिर निर्माण को लेकर दिए गए उनके बयान पर पलटवार माना जा रहा है।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यदि प्रदेश में उनकी सरकार बनी तो वह इटावा में लायन सफारी के पास करीब दो हजार एकड़ भूमि पर भगवान विष्णु के नाम पर एक सिटी का विकास करेंगे, जहां भगवान विष्णु का भव्य मंदिर बनवाएंगे।
अखिलेश ने कहा कि चंबल क्षेत्र में काफी जमीन है। उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने बयान में कहा था कि राज्यसभा में उनका बहुमत होता तो वह अयोध्या राम मंदिर निर्माण के लिए विधेयक लाते। अखिलेश के मंदिर निर्माण को उप मुख्यमंत्री के दिए गए इस बयान के परिपेक्ष्य में जोड़कर देखा जा रहा है।
कंबोडिया में अंगकोरवाट मंदिरों की एक श्रृंखला है। करीब 162.6 हेक्टेयर में फैले इस मंदिर की प्राचीन शिल्पकारी को देखने दुनिया भर से पर्यटक पहुंचते हैं। 12वीं शताब्दी में बने इस मंदिर में पूजा नहीं होती है।